खत्म हुआ यूक्रेन की सीमा पर सैन्य अभ्यास, वापस लौट रही रूसी सेना
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को क्रीमिया सैन्य अभ्यास की समाप्ति की घोषणा की है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने क्रीमिया छोड़ने वाले रूसी सैन्य उपकरणों और बलों का एक वीडियो साझा किया। यह बात मॉस्को द्वारा मंगलवार को कही गयी थी कि उसके कुछ सैनिक अपने घरेलू ठिकानों पर लौट रहे हैं, जो यूक्रेन के मुद्दे पर तनाव को ठंडा करने का संकेत देता है। इससे पहले बुधवार को, संयुक्त राज्य अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण करने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि सैनिकों की वापसी की खबर के सच होने का सबूत नहीं है और यूक्रेन को घेरने वाले रूसी सैनिकों की संख्या को 1,00,000 से 1,50,000 तक किया गया है। बता दें कि रूस ने बयान तब जारी किया, जब अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन यूरोप में बढ़ते संकट के बीच क्षेत्र की यात्रा पर रवाना हुए थे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रुसी राष्ट्रपति पुतिन को कहा था कि उनका कोई भी कदम खुद को चोट पहुचाने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस मुद्दे को हल करने के लिए कूटनीतिक तरीके से बातचीत के लिए अब भी तैयार हैं। साथ ही अमेरिका और उसके सहयोगी देश निर्णायक रूप से प्रतिक्रिया देंगे।