नई दिल्ली- स्पाइसजेट के एक विमान में आज उड़ान के दौरान अचानक धुआं नजर आने लगा और हालात बिगड़ गये। ये विमान दिल्ली से जबलपुर जा रहा था। विमान जब 5,000 फीट की ऊंचाई पर था। तभी विमान के क्रू ने देखा कि केबिन से धुआं निकल रहा है। फ्लाइट के भीतर से लिए गए वीडियो में दिख रहा है कि सीटिंग एरिया में भी धुआं फैल गया था। यात्रियों में घबराहट फैल गई और कुछ को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। जिसके बाद विमान को वापस दिल्ली की ओर मोड दिया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। गनीमत रही कि यहां बड़ा हादसा होने से टल गया। विमान को सकुशल दिल्ली एयरपोर्ट वापस लाया गया। जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतारा गया। विमान में आग किसी वजह से लगी थी, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। मामले में जांच बिठा दी गई है।