उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। यात्रा के पहले ही दिन साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। जिसमें केदारनाथ के लिए हेली सेवा और होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी ने एक व्यक्ति से 57 हजार रूपए हड़प लिए हैं। वहीं नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को हिमाद्री एवेन्यू जोगीवाला रिंग रोड निवासी दीपक जोशी अपने और अपने पूरे परिवार के लिए केदारनाथ यात्रा के लिए गूगल पर सर्च कर रहें थे। जहां से उन्हें एक लिंक प्राप्त हुआ, दीपक जोशी ने उस लिंक को खोलकर अपनी पूरी जानकारी उनमें भर दी। थोड़ी ही देर बाद एक व्यक्ति ने उस कंपनी के कर्मचारी के नाम से खुद उन्हें फोन किया। साइबर ठग ने दीपक जोशी और उनके परिजनों से आधार कार्ड, फोटो कॉपी जैसी कई और अन्य जानकारी मांगी। जिसके बाद ठग ने अपने खाते में टिकट व होटल बुकिंग के नाम पर 57 हजार रुपये आनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। दीपक जोशी ने उन्हें सारी जानकारी और पैसे ट्रांसफर कर दिए।
बता दें कि ठगी की जानकारी तब हुई जब उन्हें व्हाट्सअप पर बुकिंग का टिकट भेजा लेकिन वह जाँच में फर्जी पाया गया। जिसके बाद दीपक ने इस मामलें की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जाँच पर जुटी हुई है।