उत्तराखंड परिवहन निगम आय के नए साधन के तौर पर पेट्रोल पंप खोलने की तैयारी में जुटा है। दीपावली से पहले आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को अनुमति मिली थी। जिन डिपो या बस स्टेशन के पास पर्याप्त जगह होगी। पंप वहीं स्थापित होंगे। काठगोदाम डिपो में पूर्व में एक बार सर्वे भी हुआ था। रुद्रपुर बस स्टेशन के अलावा अन्य जगहों पर भी संभावना है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के पास वर्तमान में करीब 1250 बसों का बेड़ा है। जिसमें 350 रोजाना दिल्ली रूट पर चलती है। बस स्टेशन पर पहुंचने वाली बाहरी राज्यों से पार्किंग शुल्क वसूलने के अलावा अन्य कोई आय का स्त्रोत नहीं है। जबकि कई जगहों पर रोडवेज के पास जमीन व भवन के तौर पर संपत्ति भी है।
ऐसे में निगम अब पेट्रोल पंप खोलने की दिशा में आगे बढऩे की तैयारी में जुटा है। इससे पूर्व भी निगम के पास अपने पंप रहे हैं। लेकिन उनसे केवल रोडवेज की बसों में डीजल भरा जाता था। बाहरी वाहनों को अनुमति नहीं थी। फिलहाल इन पंपों का संचालन बंद है। लेकिन अब नए सिरे से योजना को धरातल पर उतारने की कवायद शुरू हो चुकी है। निदेशक मंडल की बैठक में इंडियन आयल कोरपोरेशन के माध्यम से पंप लगाने को सहमति मिली है।