मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख का ज़ुर्माना, जानिए वजह…
-आकांक्षा थापा
आईपीएल 2021 के 14वें संस्करण के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा … और इस हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को तगड़ा झटका लगा है। इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार रात चेपॉक स्टेडियम में धीमी ओवर रेट के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। टीम द्वारा यह पहली गलती है इसलिए केवल 12 लाख का जुर्माना लगाया गया है, अगर ये गलती वापस से दौराही जाती है तो जुर्माना दोगुना होगा यानि 24 लाख या रोहित को एक मैच के लिए निलंबन का सामना भी करना पड़ा सकता है।
इस दौरान मैच के बाद रोहित ने कहा कि अच्छी शुरुआत के बाद उनकी टीम बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी कर सकती थी लेकिन ऐसा करने में नाकाम रही। मुंबई के 138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (45) और स्टीव स्मिथ (33) की पारियों की बदौलत 19.1 ओवर में चार विकेट पर 138 रन बनाकर जीत दर्ज की। ललित यादव ने भी नाबाद 22 रन की पारी खेली।
मुंबई इंडियंस से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर स्लो ओवर रेट की वजह से 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बाद धोनी ने अगला मुकाबला रिकॉर्ड 87 मिनट में खत्म किया था।
बात मुंबई बनाम दिल्ली मुकाबले की करें तो अमित मिश्रा (4/24) की शानदार गेंदबाजी के बाद शिखर धवन (45) की एक और बेहतरीन पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2021 के 13वें मुकाबले में मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। दिल्ली की 2010 के बाद से चेन्नई में यह पहली जीत है। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने पिछले सीजन के फाइनल में मुंबई से मिली हार का बदला भी कर लिया है।
मुंबई की टीम मिश्रा (24 रन देकर चार विकेट) की फिरकी के सामने नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। आवेश खान ने मिश्रा का अच्छा साथ निभाते हुए 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि आफ स्पिनर ललित यादव ने भी चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया। मुंबई की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 44 रन बनाए …..
रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘हमें जिस तरह की शुरुआत मिली थी, मुझे लगता है कि हम बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे जो हमने नहीं किया। हम पावर प्ले में मिली शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए, हम एक बार फिर ऐसा करने में नाकाम रहे। दिल्ली के गेंदबाजों को श्रेय जाता है, उन्होंने हमारे ऊपर दबाव बनाए रखा और विकेट चटकाते रहे।’