Friday, May 3, 2024
उत्तराखंडहरिद्वार

हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया के नाम से जाना जायेगा रोशनाबाद हॉकी स्टेडियम

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी को एक नए शिखर पर ले जाने वाली और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाली वंदना कटारिया के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई है। उत्तराखंड का मान बढाने वाली इस हॉकी प्लेयर के नाम से जाना जायेगा रोशनाबाद का हॉकी स्टेडियम। दरअसल, सरकार की ओर से रोशनाबाद स्थित नवनिर्मित सिंथेटिक हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर करने का शासनादेश जारी किया गया है.. इस फैसले से वंदना के स्वजन के साथ ही खेलप्रेमी भी काफी उत्साहित हैं। टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हाकी टीम ने करो या मरो के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। इस महत्वपूर्ण मुकाबले में हैट्रिक गोल कर वंदना कटारिया टोक्यो ओलिंपिक में यह कारनामा करने वाली पहली महिला हाकी खिलाड़ी बन गई थी। टोक्यो ओलिंपिक से लौटने पर अगस्त में वंदना का इसी स्टेडियम में जोरदार स्वागत हुआ था।

बता दें, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री अरविंद पांडे ने वंदना के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी थी। आठ अगस्त को उन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार भी दिया गया था। इसके अलावा वंदना को मुख्यमंत्री की ओर से 25 लाख रुपये भी दिए गए थे। वंदना की इस उपलब्धि पर धर्मनगरी के साथ ही खेल प्रेमियों ने रोशनाबाद स्थित हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखने की मांग की थी। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रोशनाबाद स्थित नवनिर्मित हाकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखा गया है। सरकार की ओर से इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है। इधर, वंदना की मां सोरण देवी, भाई पंकज कटारिया, लाखन कटारिया आदि ने खुशी जताते हुए सरकार का आभार जताया है। वंदना के भाई पंकज कटारिया ने बताया कि वंदना को फोन पर जब यह जानकारी दी गई तो उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था…हाल ही में ओलिंपियन वंदना कटारिया को हाल ही में अर्जुन पुस्कार से भी नवाजा गया है। 28 अक्टूबर को अर्जुन पुरस्कार के लिए वंदना के नाम की सिफारिश से जश्न मना था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *