उत्तरप्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड को आज पूरे 22 साल हो चुके हैं। आज उत्तराखंड का स्थापना दिवस है। 9 नवंबर 2000 की तारीख इतिहास में उत्तराखंड के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज हैं। आज ही के दिन उत्तराखंड का गठन हुआ था। इन 22 सालों के सियासी सफर में काफी कुछ बदला। सबसे पहले वर्ष 2000 से 2006 तक उत्तराखंड को उत्तरांचल के नाम से पुकारा जाता था, लेकिन जनवरी 2007 में स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखण्ड कर दिया गया। आपको बता दें कि उत्तखण्ड को नया राज्य बनाने के पीछे कारण था कि पहाड़ी क्षेत्रों का और पहाड़ों की संस्कृति का विकास हो। उत्तर प्रदेश के पहाड़ी राज्यों के लिए सालों तक यहां के लोगों ने आंदोलन किया। इसके लिए कई आंदोलनकारियों ने खूब लड़ाईया लड़ी। लंबे संघर्ष और लंबी लड़ाइयों के बाद एक नए राज्य का गठन हुआ। जिसे उत्तरांचल का नाम दिया गया था। वहीं 2007 में उत्तरांचल को उत्तराखंड का नाम दिया गया। उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि कई प्राचीन धार्मिक स्थलों के साथ ही यह राज्य हिन्दू धर्म में सबसे पवित्र मानी जाने वाली देश की सबसे बड़ी नदियों गंगा और यमुना का उद्गम स्थल है। यह राज्य संस्कृति, जातिय और धर्म का समागम है और भारत के सबसे अधिक देखे जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है। उत्तराखंड के सीमावर्ती राज्यों में तिब्बत, नेपाल, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।