न्यूजीलैंड सरकार का अनोखा कदम, जानवरों की डकार पर लगाया टैक्स
दुनियाभर में चल रही विकास की दौड़ ने पृथ्वी के पर्यावरण पर बहुत बुरा असर डाला है। इसका खामियाजा जलवायु परिवर्तन के चलते होने वाले नुकसान से लोगों को ही भुगतना पड़ता है। यूं तो ग्लोबल वॉर्मिंग को बढ़ाने वाले ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन को रोकने के लिए हर देश अपने स्तर पर कुछ न कुछ प्रयास कर रहे हैं। लेकिन इस कड़ी में न्यूजीलैंड सरकार ने एक ऐसा कदम उठाया है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। जी हां न्यूजीलैंड ने ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को देखते हुये अपने देश में जानवरों के डकार लेने पर टैक्स लगा दिया है। न्यूजीलैंड ने अपने देश की मवेशियों के डकारने पर टैक्स वसूलने का निर्णय लिया है। न्यूजीलैंड पचास लाख की आबादी वाला देश है लेकिन वहां लगभग एक करोड़ मवेशी और 2.5 करोड़ भेड़ें है। न्यूजीलैंड की इकॉनमी में एग्रीकल्चर और खासकर पशुपालन की बड़ी भूमिका है। आपको बता दें कि जानवर जब डकार लेते हैं तो उनके पेट से मिथेन गैस निकलती है और ये पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है। जिसे देखते हुए न्यूजीलैंड सरकार ने पशुपालकों और किसानों पर टैक्स वसूलने का निर्णय लिया है। इस योजना के लागू होने पर किसानों को 2025 से अपने मवेशियों की डकार पर टैक्स देना होगा। अब सवाल ये है कि जानवरों की डकार पर टैक्स लागने से क्या होगा? तो आपको बता दें कि इस योजना के जरिये वसूले गए टैक्स को किसानों के लिए रिसर्च, विकास और सलाह जैसी सेवाओं में लगाया जाएगा। साथ ही न्यूजीलैंड दुनिया के उन अग्रणी देशों को एक मैसेज देना चाहता है जो ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन के लिये सबसे ज्यादा जिम्मेदारा हैं। इस तरीके का कानून लाने वाला न्यूजीलैंड दुनिया का पहला देश बन गया है।