बीजेपी के वरिष्ठ नेता और उत्तरप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे केदार सिंह फोनिया का निधन हो गया है। फोनिया चमोली जनपद के चीन सीमा क्षेत्र के गमशाली गांव के निवासी थे। फोनिया देहरादून के नेहरू कॉलोनी में रह रहे थे। और वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने आज सुबह शुक्रवार को 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट के जरिए संवेदनाएं व्यक्त की है।
स्वर्गीय केदार सिंह फोनिया ने उत्तरप्रदेश में पर्यटन मंत्री रहते हुए औली को विश्व मानचित्र पर जगह दिलाई थी। जोशीमठ-औली रोपवे और बदरीनाथ विधानसभा के दूरस्थ गांवों में सड़कें पहुंचाने का श्रेय उन्हें जाता है। वो यूपी में कल्याण सिंह सरकार में पर्यटन राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। फोनिया को 2012 में भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो उन्होने भाजपा छोड़कर, उत्तराखंड रक्षा मोर्चा का दामन थाम लिया था। हालांकि 2019 में वो फिर भाजपा में शामिल हो गए थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंच फोनिया को श्रद्धांजलि अर्पित की।