Monday, May 20, 2024
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि के आसार

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि के आसार हैं। जबकि मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार और रविवार को भी प्रदेशभर के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही अंधड़ चलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हुए हैं।

बुधवार को हुई बारिश के कारण जहां जंगलों की आग बुझ गई है। वहीं भीषण गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है। गुरुवार को वनाग्नि की कोई नई घटना दर्ज नहीं की गई। जिससे वन विभाग के साथ ही सरकार ने भी राहत के सांस ली है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बारिश होने से कई जगहों पर जंगलों की आग बुझ गई है। देहरादून में भी सुबह से बादलों का डेरा रहा। कहीं कहीं पर हल्की बारिश भी हुई। दिन के समय हल्की उमस रही।

मौसम विज्ञान केंद्र के निर्देशक विक्रम सिंह के अनुसार आज प्रदेश भर में बादल छाए रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और ओलावृष्टि के आसार हैं। 4000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी की संभावना भी है। जबकि मैदानी क्षेत्रों देहरादून, उधम सिंह नगर और हरिद्वार में तेज अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी है।

मौसम बदलने के कारण मौसम विभाग ने चार धाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को अपने साथ गर्म कपड़े और छाता, रेनकोट आदि लेकर आने की सलाह दी है। 13 मई तक मौसम में बदलाव रहेगा। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20.2 और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी कार्यक्रम तापमान 24.2 और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *