उत्तराखंड वन दरोगा भर्ती का रास्ता साफ, होईकोर्ट ने एकलपीठ का आदेश किया खारिज
नैनीताल हाईकोर्ट की खंडीपीठ ने एकलपीठ के उस आदेश को खारिज कर दिया है जिसमें वन दरोगा भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाई गई थी। 22 जून 2023 को जारी हुये इस अंतरिम आदेश में एकलपीठ ने यूकेएसएसएससी की ओर से संचालित फॉरेस्टर भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। इस आदेश को कुछ उम्मीदवारों ने खंडपीठ के समक्ष चुनौती दी थी।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि आयोग ने फॉरेस्टर के 316 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की और अप्रैल 2021 में लिखित परीक्षा भी कराई लेकिन इसी बीच यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामला सामने आया। विशेष कार्य बल (एसआईटी) ने मामले की जांच के बाद नकल करने वाले कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। परीक्षा में बड़े स्तर पर नकल की पुष्टि के बाद आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को खारिज कर दिया।
साथ ही नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी। लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार के लिए सफल उम्मीदवारों का चयन भी कर लिया गया। इस दौरान कुछ उम्मीदवार हाईकोर्ट पहुंच गए और यूकेएसएसएससी के कदम को चुनौती देते हुए नई भर्ती प्रक्रिया को खारिज करने की मांग की गई। इस पर एकलपीठ ने भर्ती प्रक्रिया पर रोक भी लगा दी थी। एकलपीठ के इसी आदेश को खंडपीठ में चुनौती दी गई और कोर्ट ने एकलपीठ के आदेश को खारिज कर दिया है, जिसके बाद अब भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।