दिल्ली: लंबी जद्दोजहद और सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद आखिरकार आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय दिल्ली की नई मेयर चुन ली गईं हैं। आज मेयर पद के लिए हुए चुनाव में शैली ओबेरॉय को 150 वोट मिले। जबकि भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट ही मिल पाए। इससे पहले दिल्ली का महापौर चुनने के तीन असफल प्रयास हुये। आपको बता दें कि आप ने चार दिसंबर को हुए एमसीडी चुनाव में 134 वार्डों में जीत हासिल की थी और नगर निकाय पर भाजपा के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर दिया था। भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। जबकि कांग्रेस ने महज नौ सीट जीती थीं। सुप्रीम कोर्ट ने 17 फरवरी को महापौर, उप महापौर और नगर निकाय की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तारीख तय करने के लिए दिल्ली नगर निगम की पहली बैठक बुलाने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की महापौर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की याचिका पर सुनवाई के बाद ये आदेश जारी किया। जिसके बाद मेयर चुनाव का रास्ता साफ हो पाया। शीर्ष अदालत ने ये भी कहा था कि उपराज्यपाल द्वारा एमसीडी में नामित सदस्य महापौर चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकते। यही सबसे बड़ा पेंच था जिस पर भाजपा अड़ी हुई थी। मेयर का मुकाबला जीतने के बाद आम आदमी पार्टी जोरदार जश्न में डूब गई है।