Tuesday, April 30, 2024
अंतरराष्ट्रीय

और मजबूत हुआ भारत का पासपोर्ट, अब 57 देशों में बिना वीजा के घूम सकते हैं भारत के लोग

भारत का पासपोर्ट अब और मजबूत हो गया है। पिछले साल के मुकाबले भारत का पासपोर्ट दुनिया में 5 पायदान और ऊपर चढ़ गया है। अब भारत के नागरिक बिना वीजा के 57 देशों में फ्री होकर घूम सकते हैं। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स द्वारा जारी रैंकिंग में भारत अब 80वें पायदान पर पहुंच गया है, जो साल 2022 में जारी रिपोर्ट से 5 पायदान ऊपर है।
इतना ही नहीं भारत की मौजूदा रैंकिंग टोगो और सेनेगल जैसे देशों के बराबर पहुंच गई है। इसके साथ ही भारतीय नागरिकों को 57 देशों में वीजा फ्री या वीजा ऑन अरावल एक्सेस मिल गया है। इसका मतलब है कि सिर्फ पासपोर्ट लेकर ही दुनिया के 57 देशों में आप घूम सकते हैं। वहां जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होगी। कुछ देशों में जरूरत पड़ेगी भी तो वहां पहुंचते ही एयरपोर्ट पर आपको वीजा थमा दिया जाएगा।
भारतीय नागरिक अब सिर्फ पासपोर्ट का इस्तेमाल करके इंडोनेशिया, थाईलैंड, रवांडा, जमैका, श्रीलंका जैसे देशों की यात्रा कर सकते हैं। इसके अलावा जो देश पहले से इस सूची में थे वो बरकरार रहेंगे। हालांकि, अब भी भारतीय नागरिकों को 177 देशों में एंट्री करने के लिए वीजा की जरूरत पड़ेगी। इन देशों में चीन, जापान, रूस, अमेरिका और यूरोपीय संघ के सभी देश शामिल हैं। भारतीय नागरिकों को इन देशों में वीजा के लिए बाकायदा अप्लाई करना होगा, लेकिन कुछ देश वहां पहुंचने पर एयरपोर्ट पर ही वीजा उपलब्ध करा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *