गौतम अडानी बने दुनिया के 5वें सबसे अमीर व्यक्ति, वॉरेन बफेट को छोड़ा पीछे
दुनियाभर के अरबपतियों में गौतम अडानी लगातार सफलता की सीढ़िया चढ़ते जा रहे हैं। भारत का नाम रोशन करते हुए वह अब अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर आ गये हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, 123 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अडानी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि पहले से इस नंबर पर मौजूद वॉरेन बफे 121.7 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ छठे स्थान पर खिसक गए हैं। बता दें दो साल पहले गौतम अडानी की संपत्ति केवल 8.9 अरब डॉलर थी। इसके बाद मार्च 2021 में अडानी की संपत्ति 50.50 अरब डॉलर तक पहुंच गयी थी। इसके साथ ही शेयर्स की कीमतों पर अचानक उछाल देखा गया है जिसके कारण गौतम अडानी 05 स्थान पर आ चूके हैं। इस महीने की शुरुआत में ही अडानी सबसे अमीर एशियाई अरबपति बन गए थे। 59 साल के अडानी की कंपनियों के शेयरों में इस साल 19 फीसद से 195 फीसद तक का उछाल आया है। गौतम अडानी ने अक्षय ऊर्जा, मीडिया, हवाई अड्डे सहित कई क्षेत्रों में तेजी से विस्तार किया है, यही कारण है कि कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है।