Saturday, April 27, 2024
राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्टील प्लांट में गैस लीक, 3 की मौत 5 की हालत गंभीर

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के स्टील प्लांट में आज दोपहर गैस लीक का मामला सामने आया है। स्टील प्लांट में गैस लीक होने से दम घुटने के कारण 3 लोगों की मौत हो गयी है जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि हादसे के लिए प्लांट प्रशासन को जिमेदार ठहराया जा रहा है। इस घटना के बाद प्लांट के कर्मचारी दहशत में है। बताया जा रहा है कि प्लांट में मजदूर जब काम कर रहे थे इस दौरान प्लांट में मोनोऑक्साइड लीक हो गयी। जिससे प्लांट में काम करने वाले 7 मजदूर बेहोश हो गए।

जिसके बाद बाकि मजदूरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचाने के बाद 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। लीक की जानकारी सीआईएसएफ और दमकल कर्मचारियों को दी गई। बता दें कि स्टील प्लांट के अधिकारियों की ओर से इस घटना के संदर्भ में अभी कोई बयान नहीं दिया आया है। गैस रिसाव के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री के अधिकारी गैस रिसाव के कारणों की जांच कर रहे हैं। मजदूरों के नेता शाहबुद्दीन के अनुसार कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से मजदूर बीमार पड़ गए और उन्हें गंभीर हालत में दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों मृतक मजदूरों की पहचान साजन चौहान, सिंटू यादव और संतोष चौहान के तौर पर हुई है।

जानकारी के मुताबिक, कॉर्बन मोनोऑक्साइड प्लांट के एक कनवर्टर यूनिट में लीक हुई थी। मजदूर संघ से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले कई वर्षों से प्लांट में आधुनिकीकरण का काम नहीं हुआ है। मजदूर प्रबंधन की लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि संविदा कर्मियों को नियुक्ति के समय पर्याप्त सुरक्षा प्रशिक्षण नहीं दिया जाता है। ट्रेड यूनियन नेता शेख शहाबुद्दीन, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्होंने दुर्गापुर स्टील प्लांट गैस लीक मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *