Tuesday, May 21, 2024
अंतरराष्ट्रीय

चंद्रयान 3 मिशन की उलटी गिनती शुरू, कुछ ही देर बाद होगा ऐतिहासिक लॉन्च

साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत एक और कीर्तिमान रचने जा रहा है। अब से कुछ ही देर बाद वो पल आने जा रहा है जिसका सपना भारत के लोगों और वैज्ञानिकों ने दशकों पहले देखा था। 2019 में हम इस सपने के बेहद करीब पहुंच भी गये थे लेकिन चंद्रयान 2 की चंद्रमा पर हार्ड लैंडिंग हुई और वो सपना पूरा नहीं हो पाया। मगर अब भारत नये जोश, नई सोच और जज्बे के साथ फिर तैयार है। और अब एक बार फिर लॉन्च होने जा रहा है मिशन चंद्रयान 3।
आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्टेशन में चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का काउंटडाउन शुरू हो गया है। शुक्रवार दोपहर 2ः35 बजे सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च होगा और इसकी सारी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं।
अब दुनिया इतिहास बनते देखेगी, दुनिया देखेगी कि कैसे भारत स्पेस साइंस के क्षेत्र में एक और उंची बहुत उंची उड़ान भरने जा रहा है। ये पहली बार होगा जब भारत का तिरंगा चंद्रमा की धरती पर शान से स्थापित होगा। और ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा मुल्क बन जाएगा। इतना ही नहीं चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब पहुंचने वाला भारत दुनिया का पहला देश भी होगा।
चंद्रयान को पृथ्वी से चंद्रमा तक की यात्रा में लगभग एक महीने का समय लगेगा। चंद्रयान 3 24-25 अगस्त को चांद पर उतरेगा। लैंडिंग के बाद, ये एक चंद्र दिवस तक काम करेगा, यानी पृथ्वी के लगभग 14 दिन। चंद्रमा पर एक दिन पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर होता है। अगले 14 दिन रोवर लैंडर के चारों ओर 360 डिग्री में घूमेगा और कई परीक्षण करेगा। दुनिया को बताएगा कि आखिर चंद्रमा के रहस्यमयी दक्षिणी छोर पर है क्या।
तो हो जाइए तैयार, और बनिए इस पल के साक्षी, क्योंकि भारत के वैज्ञानिक लिखने जा रहे हैं एक और स्वर्णिम इतिहास।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *