Monday, April 29, 2024
उत्तराखंड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उत्तराखंड दौरा आज, शाम 4 बजे पहुंचेंगी देहरादून

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उत्तराखंड के अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर आज देहरादून पहुंचेंगी। पहले दिन राष्ट्रपति प्रदेश सरकार की 2000 करोड़ की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगी। शुक्रवार सुबह राजभवन में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन राष्ट्रपति के हाथों होगा। शुक्रवार को वह मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में प्रशिक्षु आइएएस अधिकारियों को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह देहरादून में दून विश्वविद्यालय के वार्षिक समारोह में सम्मिलित होंगी
द्रौपदी मुर्मु का यह पहला उत्तराखंड दौरा
राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मु का यह पहला उत्तराखंड दौरा है। राष्ट्रपति बनने से पहले वह अपने चुनाव के सिलसिले में उत्तराखंड आ चुकी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार सायं लगभग चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां उनकी अगवानी राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
यह रहेगा कार्यक्रम
एयरपोर्ट से सायं लगभग 4.15 बजे उनका जीटीसी हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम है।
वहां से वाहनों में उनका काफिला राजभवन पहुंचेगा।
राजभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे।
राजभवन में लगभग एक घंटा ठहरने के बाद राष्ट्रपति सायं करीब सवा छह बजे मुख्यमंत्री आवास में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में भाग लेंगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति को उत्तराखंड की लोक विरासत से परिचित कराने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
इसके बाद वह सायं 6.30 बजे से 7.30 बजे तक प्रदेश सरकार की नौ परियोजनाओं का वर्चुअली लोकार्पण और शिलान्यास करेंगी।
राष्ट्रपति इसके बाद राजभवन लौटेंगी। वहां रात्रि आठ बजे राज्यपाल की ओर से आयाजित भोज में सम्मिलित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *