Sunday, May 5, 2024
उत्तराखंड

आखिरकार डूब गया लोहारी गांव, जलविद्युत परियोजना की भेंट चढ़ा उत्तराखण्ड का एक और गांव

देहरादून- विकासनगर का लोहारी गांव आखिरकार यमुना नदी में समा ही गया। तीन दिन पहले ग्रामीणों को जिला प्रशासन ने गांव खाली कराने का नोटिस थमाया था। पिछले तीन दिनों में गांव में यमुना का पूरा पानी भर आया। और गांव के लोग पास की एक प्राथमिक पाठशाला में शरण लिये हुये हैं।
ये कहानी है लोहारी गांव की….. वो गांव जो देखते ही देखते अपनी सैकड़ों साल की संस्कृति और यादों के साथ मां यमुना में समा गया….. और एक झटके में गांव के सैकड़ों लोग बेघर हो गये…… लखवाड़-व्यासी जल विद्युत परियोजना का हिस्सा व्यासी बांध बनकर तैयार है और बांध में पानी भरना शुरू हो गया है। करीब 5 किमी उपर तक यमुना में पानी भरने लगा है और इस जल भराव की जद में लोहारी गांव आ चुका है गांव के घर एक के बाद एक यमुना में समाने लगे हैं। व्यासी बांध विकासनगर के जुड्डो बना है। यहां से हमारा सफर लोहारी गांव की ओर शुरू होता है। जैसे-जैसे हम डैम के किनारे किनारे आगे बढ़ने लगे यमुना के पानी को देख मन में एक ही खयाल आ रहा था कि एक बड़ी झील में बदलती यमुना ने लोहारी गांव का क्या हाल किया होगा। हमने दूर से लोहारी गांव का जो मंजर देखा वह बेहद विचलित करने वाला था। गांव के चारों ओर यमुना का पानी ऐसे हिलौरे मार रहा था कि किसी भी छण वह गांव को अपने आगोश में ले लेगा। हमें गांव के भीतर जाना था और हम देखना चाहते थे कि आखिर सैकड़ों सालों से मां यमुना के तट पर बसा खूबसूरत गांव लोहारी अब किस हाल में है। उबड़ खाबड़ रास्ते से होते हुये हम आखिरकार लोहारी गांव पहुंच गये। गांव में पानी घुस चुका था चारों ओर पानी ही पानी था। और हम निकल पड़े गांव के भीतर का मंजर देखने। गांव में पानी भरने लगा था, गांव की रास्ते, घरों के आंगन, गलियों का नामों निशान नहीं बचा था, अगर कुछ था वह केवल यमुना का पानी…. गांव के लोगों को प्रशासन ने घर खाली करने के लिये महज 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था.. ग्रामीणों ने गिरते पड़ते अपने घर खाली कर दिये और पास के एक प्राथमिक पाठशाला में शरण ले ली। लोहारी गांव के लोग इस बात से बेहद नाराज हैं कि प्रशासन ने उनका गांव तो खाली करवा लिया लेकिन गांव वालों के रहने जीने की कोई व्यवस्था नहीं की। जैसे ही गांव के लोग जय भारत टीवी के कैमरे पर आये तो फफक-फफक कर रो पड़े। इस खबर की कवरेज के दौरान ही हमने देखा कि यमुना का पानी तेजी से गांव को लीलता जा रहा है, महज 1 घंटे के भीतर ही करीब 6 इंच पानी उपर चढ़ आया। यमुना का पानी अभी भी तेजी से उपर बढ़ रहा है और अगले कुछ घंटों में यह पूरा गांव यमुना में समा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *