Monday, April 29, 2024
उत्तराखंडभाजपा

10 मार्च के बाद प्रदेश भाजपा संगठन में हो सकते हैं बड़े बदलाव, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की हो सकती है छुट्टी

देहरादून- 10 मार्च को नतीजे सामने आने के बाद प्रदेश भाजपा अपने संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है। बताया जा रहा है कि भाजपा अपने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को पद से हटा सकती है और अध्यक्ष पद के साथ ही तमाम दूसरे नेताओं से भी उनकी मौजूदा जिम्मेदारी छीनी जाएगी। आपको बता दें कि 14 फरवरी को वोटिंग निपटते ही भाजपा के कई प्रत्याशियों ने भीतरघात का मुद्दा उठाया था। लक्सर से भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता ने तो सीधे प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर ही उन्हें चुनाव हराने का आरोप लगाया। संजय गुप्ता ने मदन कौशिक को गद्दार करार देते हुये केन्द्रीय नेतृत्व से उन्हें हटाने की गुहार लगाई। इसके बाद काशीपुर से विधायक हरभजन सिंह चीमा, चम्पावत से प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी, यमुनोत्री से केदार सिंह रावत और डीडीहाट से बिशन सिंह चुफाल ने भी भीतरघात की बात कही। ऐसे में भाजपा के भीतर चल रही खींचतान ने प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव के संकेत दे दिये हैं। हालांकि अभी इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने कुछ भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। मगर चर्चाएं हैं कि 10 मार्च को परिणाम सामने आने के बाद भाजपा प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है। सूत्रों की मानें तो भाजपा के हाथ से सत्ता गई तो संगठन में बदलाव तो तय ही है अगर सत्ता बच भी जाती है तब भी बदलाव होना निश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *