Wednesday, April 24, 2024
उत्तराखंडदेहरादूनराजनीतिराज्य

प्रदेश अध्यक्ष के वायरल पत्र से भाजपा असहज, पत्र में विनोद चमोली को अध्यक्ष बनाने की बात

उत्तराखण्ड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को हटाये जाने संबंधी वायरल आदेश की कॉपी बीजेपी के गले की फांस बन गई है। इस पत्र में भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व का हवाला देकर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हटाकर विनोद चमोली को बनाये जाने की बात कही गई है। हालांकि इस पत्र को बीजेपी ने फर्जी बताते हुये पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। मगर इस पत्र के वायरल होने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस भाजपा की जमकर खिंचाई कर रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चुटकी लेते हुये कहा है कि भाजपा जब तीन मुख्यमंत्री बदल सकती है तो फिर तीन अध्यक्ष क्यों नहीं बन सकते।

आपको बता दें कि बीते दिन अचानक एक पत्र वायरल हुआ था। जिसमें भाजपा विधायक विनोद चमोली को पार्टी अध्यक्ष बनाने का जिक्र था। इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हटाये जाने की चर्चा कई दिनों से चल ही रही थी ऐसे में पत्र के वायरल होते ही भाजपा में हंगामा मच गया। कयास इस बात के भी लगाये जा रहे हैं कि भाजपा गढ़वाल से किसी ब्रहामण चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है। ऐसे में चमोली का नाम सामने आते ही कई भाजपा नेताओं ने इस पत्र को सही मान लिया था। कांग्रेस के तानों और पत्र से हुई फजीहत के बाद भाजपा बैकफुट में दिखाई दे रही है।

राजनीतिक जानकारों को मानना है कि चमोली ब्रहामण चेहरे के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष हो सकते थे मगर उनका नाम समय से पहले उछालकर उनकी संभावनाओं को खत्म करने की कोशिश की गई है। मदन कौशिश खांटी मैदानी नेता की छवि रखते हैं और महेन्द्र भट्ट के अलावा गढ़वाल से दूसरा ब्रहामण चेहरा पार्टी के पास नहीं है। जानकार इस घटना को भाजपा के भीतर चल रही खींचतान और एक दूसरे को निपटाने की राजनीति से भी जोड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *