सचिवालय संघ की हड़ताल आज भी जारी, ग्रेड-पे की मांग को लेकर कर रहे हैं आंदोलन
उत्तराखण्ड सचिवालय संघ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहे सचिवालय के कर्मचारी सचिवालय गेट पर धरने पर बैठे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी से वार्ता के बाद भी फैसला नहीं होने से कर्मचारी गुस्से में हैं। सचिवालय के कार्मिक धरने पर बैठे हैं लिहाजा सचिवालय के कई अनुभागों में ताले लटक गये हैं। बीते एक दिन से सचिवालय में काम-काज पूरी तरह से ठप पड़ा है। आंदोलनरत कर्मचारी आज अपनी हड़ताल को एक कदम और आगे ले गये। इससे आज कई वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों के पहिए भी थम गये क्योंकि सचिवालय वाहन चालक संघ के लोग भी आज धरने पर बैठ गये। आपको बता दें कि सचिवालय संघ लम्बे समय से ग्रेड पे और पुरानी पेंशन समेत पांच मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है।
इधर सरकार ने भी हड़ताली कर्मियों से निपटने के लिए सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधू ने काम नहीं तो वेतन नहीं का आदेश जारी कर दिया। काम करने वालों को सुरक्षा मिलेगी और काम से रोकने वालों पर कार्रवाई होगी। यहां तक कई कई हड़ताली कर्मचारियों पर मुकदमे भी कायम कर दिये गये हैं।