दुखद खबर- सपा नेता अहमद हसन का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन का शनिवार को लखनऊ में निधन हो गया है। वह 88 वर्ष के थे। पिछले लम्बे समय से वह बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को तबियत अधिक खराब होने के कारण उन्हें लखनऊ के डा. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होने दम तोड़ दिया। वह आइसीयू में भर्ती थे, शनिवार को करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अहमद हसन राजनीति में आने से पहले वह एक आईपीएस अधिकारी भी रहे हैं। वह सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी थे। मुलायम सिंह यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके है। अहमद हसन अंबेडकरनगर के जलालपुर के मूल निवासी थे। पिछले कुछ समय से उनकी तबियत कुछ ठीक नहीं थी। सदन में तबीयत खराब होने के बाद उनको 16 दिसंबर को लारी कार्डिलाजी में भी भर्ती कराया गया था।
तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल लेने वहां पर पहुंचे थे। आज भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा है कि “उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष श्री अहमद हसन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”