Monday, April 29, 2024
राष्ट्रीय

वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का निधन, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

देश के वरिष्ठ पत्रकार और विचारक वेद प्रताप वैदिक ने 78 साल की उम्र में मंगलवार सुबह 9 बजे अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक वैदिक अपने घर के बाथरुम में फिसल गए। यह हादसा सुबह 9 बजे हुआ। बताया गया कि सुबह वे नहाने गए थे, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आए। करीब साढ़े 9 बजे परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा, तो वे अंदर बेसुध मिले।इसके बाद उन्हें गुडगांव के प्रतीक्षा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। वेद प्रताप वैदिक पत्रकारिता जगत का जाना-माना चेहरा रहे। उन्होंने अंतराष्ट्रीय मंच पर हिन्दी को उठाने के लिए भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।

वेद प्रताप वैदिक का जन्म 1944 में इंदौर में हुआ था। वे देश के बड़े पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक थे। उन्होंने 1958 से ही पत्रकारिता शुरू कर दी थी। उन्होंने 2014 में मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद का इंटरव्यू भी लिया था।

वेद प्रताप वैदिक ने 1957 में सिर्फ 13 साल की उम्र में हिन्दी के लिए सत्याग्रह किया और पहली बार जेल गए। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय राजनीति पर अपना शोध ग्रन्थ हिन्दी में लिखा, इस वजह से स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज (JNU)ने उनकी छात्रवृत्ति रोक दी और बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस मुद्दे पर 1966-67 में भारतीय संसद में जबर्दस्त हंगामा हुआ था। इसके बाद इंदिरा गांधी सरकार की पहल पर JNU के नियमों में बदलाव हुआ और उन्हें वापस लिया गया।

कई बड़े मीडिया संस्थानों में रहे संपादक
वेदप्रताप वैदिक ने करीब 10 वर्षों तक पीटीआई-भाषा (हिन्दी समाचार समिति) के संस्थापक-संपादक के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वे नवभारत टाइम्स के संपादक (विचारक) रहे। बीते कुछ समय में उनके लेख अलग-अलग समाचार पत्रों में प्रकाशित होते रहे हैं।

इन पुरस्कारों से हो चुके थे सम्मानित
डॉ. वैदिक को मीडिया और भाषा के क्षेत्र में काम करने के लिए कई सम्मान दिए गए। उन्हें विश्व हिन्दी सम्मान (2003), महात्मा गांधी सम्मान (2008), दिनकर शिखर सम्मान, पुरुषोत्तम टंडन स्वर्ण-पदक, गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार, हिन्दी अकादमी सम्मान, लोहिया सम्मान, काबुल विश्वविद्यालय पुरस्कार, मीडिया इंडिया सम्मान, लाला लाजपतराय सम्मान आदि दिए गए।

 राजनेताओं ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव सहित कईं नेताओं ने वैदिक के निधन पर शोक जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *