ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-II का अंतिम संस्कार आज राजकीय सम्मान के साथ लंदन में किया जाएगा। 96 साल की महारानी का निधन 8 सितंबर को हो गया था। सबसे पहले वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर ऐबे तक महारानी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। उनके ताबूत को वेस्टमिंस्टर ऐबे लाया जाएगा। इस दौरान मिलिट्री परेड भी की जाऐगी। साथ ही ड्यूक ऑफ ससेक्स यानी प्रिंस हैरी और उनके भाई विलियम यानी प्रिंस ऑफ वेल्स महारानी के ताबूत के पीछे चलेंगे। इसके बाद शाही परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में एक प्राइवेट सेरेमनी की जाएगी। उसके बाद महारानी का पार्थिव शरीर उनके पति प्रिंस फिलिप की कब्र के नजदीक दफनाया जाएगा। महारानी एलिजाबेथ-II के पति प्रिंस फिलिप का निधन 2021 में हुआ था।
बता दें कि महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो.बाइडन और भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति अंतिम संस्कार के लिए लंदन आ चुके हैं। महारानी के अंतिम संस्कार में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे।
महारानी एलिजाबेथ-II के राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम के प्रसारण के लिए ब्रिटेन के कई अलग-अलग पार्कों में बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। इसके साथ ही लंदन और उसके आसपास 125 मूवी थिएटरों में व्यवस्था की गई है। महारानी के अंतिम संस्कार में हजारों पुलिसकर्मी, सैकड़ों सैनिक और अधिकारियों की पूरी फौज महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए हैं। साथ ही महारानी को अंतिम विदाई देने के लिए यूनाइटेड किंगडम के विभिन्न इलाकों से करीब दस लाख लोग लंदन आएंगे। उनके लिए 250 विशेष ट्रेन चलाई गई हैं।