बिरसा मुंडा जयंती : पीएम मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर किया बिरसा मुंडा संग्रहालय का उद्घाटन
आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रांची में भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया।। प्रधानमंत्री ने कहा कि संग्रहालय स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों और नायिकाओं के योगदान को प्रदर्शित करेगा और आदिवासी संस्कृति का जीवंत प्रतिष्ठान बनेगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही आज के ही दिन झारखंड अस्तित्व में आया था। उन्होंने ही अलग जनजातीय मामलों का मंत्रालय बनाया था और जनजातीय हितों को राष्ट्र की नीतियों से जोड़ा था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र ने तय किया है कि आजादी के ‘अमृत काल’ के दौरान आदिवासी परंपराओं और उनकी वीरता की गाथाओं को और भी भव्य पहचान दी जाएगी। इसलिए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है कि 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर पर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी म्यूजियम देशवासियों को समर्पित है। पीएम ने कहा कि जो भूमि उनके तप, त्याग की साक्षी बनी हो, वह हमारे लिए एक पवित्र तीर्थ है।