Saturday, April 27, 2024
आम आदमी पार्टीकांग्रेसचुनावदिल्लीभाजपाराजनीतिराष्ट्रीयस्पेशल

गुजरात, हिमाचल, MCD का ‘महा एक्जिट पोल’! किसकी कहां बन रही सरकार देखिए

गुजरात, हिमाचल और दिल्ली एमसीडी चुनाव के नतीजे आने बाकी हैं लेकिन इससे पहले हुये तमाम एक्जिट पोल्स ने तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। एग्जिट पोल में गुजरात में 27 साल से सत्ता पर काबिज भाजपा इस बार भी सरकार बनाती दिख रही है। 5 सर्वे का औसत बताता है कि भाजपा इस बार करीब 133 सीटें जीत रही है। 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 99 सीटें मिली थीं। यानी पिछली बार के मुकाबले भाजपा बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। कांग्रेस को औसतन 37 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। 2017 में कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं। यानी 2017 के मुकाबले कांग्रेस को इस बार आधी सीटों पर ही संतोष करना पड़ सकता है।
वहीं हिमाचल को लेकर जारी 9 सर्वे पर नजर डालें तो भाजपा को इस बार 33, कांग्रेस को 26, अन्य को 2 और आम आदमी पार्टी को एक भी सीट मिलती नहीं दिख रही हैं। 2017 विधानसभा चुनाव की बात करें तो जहां 68 सीटों में से भाजपा को 44 और कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं। अन्य के खाते में तीन सीटें गई थीं। लेकिन ये भी दिलचस्प है कि 9 सर्वे में दो एजेंसियों ने आप का खाता खुलते दिखाया है। जबकि 3 सर्वे हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा कर रहे हैं। यानी यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों बहुमत के करीब दिखाई दे रहे हैं कांटा कहीं भी झूल सकता है।

वहीं अगर बात दिल्ली नगर निगम चुनाव की करें तो यहां भाजपा की 15 साल की सत्ता उसके हाथ से छूटती दिख रही है। और करिश्माई अंदाज में आम आदमी पार्टी जीतती दिखाई दे रही है। अधिकांश एक्जिट पोल में आम आदमी पार्टी पहले नम्बर पर है। उसे 145 से 170 सीटें मिलने का अनुमान है। एक्जिट पोल के नतीजों में बीजेपी दूसरे नंबर की पार्टी है। कांग्रेस की हालत बेहद पतली नजर आ रही है। 8 दिसंबर को गुजरात और हिमाचल विधानसभा की मतगणना होगी जबकि 7 दिसंबर को दिल्ली एमसीडी के परिणाम आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *