Saturday, April 27, 2024
राष्ट्रीय

हिमाचल के किन्नौर में भूस्खलन, मलबे में दबी बस, एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी

-आकांक्षा थापा

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। किन्नौर के नेशनल हाईवे 5 पहाड़ के दरकने से भूस्खलन हो गया। सड़क से गुजर रही एक बस और कई गाड़ियां पत्थरों की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बस पर आ गिरा, जिस वजह से बस मलबे में दब गई है। वहीँ, एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।

आपको बता दें की पहाड़ों से लगातार बड़े पत्थर निचे गिर रहे थे, जिस वजह से रेस्क्यू अभियान में भी बाधा हुई। वहीँ, भूस्खलन होते ही तुरंत प्रशासन को सूचना दे दी गयी और प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। डिप्टी कमिश्नर आबिद हुसैन सादिक ने इस बात की जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन की बस समेत अनेक वाहन भूस्खलन के मलबे में दब गए। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। बस किन्नौर के रेकॉन्ग प्यो से शिमला जा रही थी। साथ ही उन्होंने बताया कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और स्थानीय बचाव दलों को बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। सादिक ने बताया कि पत्थर अब भी गिर रहे हैं जिससे बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है। उन्होंने बताया कि अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

उधर, विधानसभा सत्र के दौरान हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने भी घटना की पुष्टि की है। आपको बता दें की एक महीने से भी कम समय में किन्नौर में भूस्खलन की यह दूसरी बड़ी घटना है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि भूस्खलन के मलबे में 50 से 60 लोगों के दबने की आशंका है। अब तक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत 4 लोगों को मलबे से निकाल लिया गया है। फिलहाल भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। हालाँकि अब भी थोड़ा बहुत भूस्खलन हो रहा है और जोखिम बना हुआ है लेकिन इस बीच भी बचाव अभियान जारी है…

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *