Friday, April 19, 2024
उत्तर प्रदेश

UP के सहारनपुर में भीषण गर्मी के बीच बरसे ओले, बढ़ी किसानों की परेशानी

भीषण गर्मी के बीच देश के कईं इलाकों में अचानक मौसम के करवट बदलने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कुछ इलाकों में बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जमकर ओले पड़े हैं। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के बाद बारिश शुरू हो गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों के लिए यह एक मुसीबत से कम नहीं है। पिछले माह हुई बारिश और ओलों ने खड़ी गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया था। अब एक बार फिर ओलावृष्टि से किसानों की मुश्किल बढ़ गई है।

गेहूं काटकर इसके थ्रेसिंग की प्रक्रिया को पूरा करने की तैयारी की जा रही थी कि इस बीच आई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की बची-खुची उम्मीदों को भी तोड़ दिया है। किसानों को फसल में लागत भी नहीं निकाल पाने की आशंका सताने लगी है। सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव पाडली ग्रांट में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई है। पूरी जमीन बर्फ से सफेद हो गई। मिर्जापुर में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान ने अपना खतरनाक रुप दिखाया, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है।पाडली ग्रांट गांव में सबसे अधिक नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा आस-पास के इलाकों में भी असर हुआ है।

सहारनपुर में हुई ओलावृष्टि से जिले में तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, दिन में धूप खिलने और हवाओं का असर दिखने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर 12 से 1 बजे के बीच भी कुछ स्थानों पर बादलों का प्रभाव दिखने का अनुमान है। बारिश और ओले पड़ सकते हैं। रात में भी बादल अपना प्रभाव दिखा सकते हैं। मौसम के इस बदले हुए रुख से भले ही लोगों को गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन इससे किसानों की मुसीबतें एक बार फिर से बढ़ गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *