Monday, April 29, 2024
उत्तराखंड

विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारियों को मिला आवास खाली करने का नोटिस, कर्मचारी नेता रमेश पांडे ने ठहराया गलत

उत्तराखंड विधानसभा से बर्खास्त हुये कर्मचारियों को अब सरकार की ओर से आवास खाली कराने का नोटिस मिल गया है। सामने होली का त्योहार है और ऐसे वक्त आवास खाली कराने का नोटिस मिलने से कर्मचारी खासे गुस्से में हैं। इस बीच उत्तराखंड कार्मिक एकता मंच भी विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारियों के समर्थन में उतर आया है। बीते दिन कार्मिक एकता मंच के संस्थापक रमेश चंद्र पांडे बर्खास्त कर्मचारियों को समर्थन देने धरना स्थल पहुंचे।

पांडे ने कहा कि सरकार होली के अवसर पर आवास खाली करवा रही है, जो कि बिल्कुल भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा कर्मचारियों को नैसर्गिक न्याय नहीं मिला। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट स्पीकर को सौंप दी मगर कर्मचारियों का पक्ष नहीं जाना गया है। ये प्राकृतिक न्याय के खिलाफ है। आपको बता दें कि कर्मचारी, बहाली को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे भी दर्ज किये हैं। कर्मचारियों पर आरोप है कि वे विधानसभा अध्यक्ष के विशेष कार्याधिकारी के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। कर्मचारियों पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें विधानसभा अफसरों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया लगाया है। मामले में शासन के निर्देश पर नेहरु कलोनी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *