Thursday, May 9, 2024
राष्ट्रीय

झारखंड में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, चतरा में मुठभेड़ के दौरान मार गिराए 5 इनामी नक्सली

झारखंड के चतरा जिले में सुरक्षाबलों को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया। इनमें से दो नक्सलियों पर 25-25 लाख और तीन पर पांच-पांच लाख का इनाम था। झारखंड पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने पलामू-चतरा सीमा पर माओवादियों के खिलाफ अभियान शुरु किया था। लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस बल ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पांच नक्सलियों को मार गिराया।

इस अभियान में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन, जैप, आईआरबी के साथ-साथ पलामू और चतरा जिला बल को तैनात किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुठभेड़ में मारे जाने वाले 25 लाख के दो इनामी नक्सली गौतम पासवान और चार्लीस उंराव भी शामिल थे। दोनों स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य थे। अन्य तीन नक्सलवादी सब जोनल कमांडर थे। नक्सलियों के अन्य साथियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि चतरा-पलामू सीमा पर हुई इस मुठभेड़ में आधा दर्जन माओवादियों को गोली लगने की भी सूचना है। पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है और हथियार बरामद किए गए हैं।

एनकाउंटर में बरामद किए गए हथियारों में दो एके-47 रायफल, दो इंसास रायफल, और दो देसी रायफल भी शामिल हैं। बता दें कि ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *