Sunday, April 28, 2024
राष्ट्रीय

सूरत कोर्ट से राहुल को मिली बड़ी राहत, मानहानि मामले में 13 अप्रैल तक बढ़ी जमानत, 3 मई को अगली सुनवाई

मानहानि मामले में सूरत की सेशंस कोर्ट से आज राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली।  उन्हें 13 अप्रैल तक जमानत दे दी गई है। कोर्ट ने उनकी एक महीने की अंतरिम जमानत को बढ़ा दिया है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 3 मई को होगी।

मानहानि मामले में राहुल गांधी करीब दोपहर 3 बजे सूरत के सेशंस कोर्ट पहुंचे। मोदी सरनेम मामले में सूरत कोर्ट द्वारा 2 साल की सजा सुनाए जाने के 11 दिन बाद उन्होंने सेशंस कोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी।

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी राहुल से मिलीं और उनके साथ सूरत कोर्ट पहुंची। इससे पहले सोनिया गांधी ने भी राहुल से मुलाकात की। राहुल गांधी का समर्थन जताने के लिए तीन कांग्रेसशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों सहित बड़े कांग्रेस नेता सूरत पहुंचे। सत्र अदालत में राहुल गांधी द्वारा याचिका दाखिल करते समय राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उनके साथ मौजूद रहे।

सूरत एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, “मैं घबराने वालों में से नहीं हूं। मैं देश की आवाज बनकर बोलूंगा। आज नहीं तो कल हमें न्याय मिलेगा। हमें न्यायपालिका पर विश्वास है।”

एकता दिखाने आए हैं‘: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सूरत में कहा कि हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। हम यहां अपनी एकता दिखाने आए हैं। हम देश को बचाने कि लिए सत्याग्रह कर रहे हैं। देश देख रहा है कि इंदिरा गांधी के पोते और राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी के साथ आज कैसा व्यवहार किया जा रहा है।

जयराम रमेश ने किया कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दावा

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि गुजरात की भाजपा सरकार ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सूरत जाने से रोकने के लिए अवैध गिरफ्तारी की।

10,000 कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे सूरत

पूरे महाराष्ट्र से लगभग 10,000 कांग्रेस कार्यकर्ता, विशेष रुप से नासिक, अहमदनगर, धुले, नंदुरबार, पुणे, मुंबई और अन्य जिलों से गांधी को उनकी कानूनी राजनीतिक लड़ाई में समर्थन देने के लिए सुबह से ही बसों, ट्रकों और छोटे वाहनों से सूरत गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *