-आकांक्षा थापा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज फिर उत्तराखंड पहुंचे हैं। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान देहरादून में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने दो बड़ी घोषणाएं की है। उन्होंने एलान किया कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में आप पार्टी से कर्नल अजय कोठियाल सीएम पद का चेहरा होंगे। वहीं, उन्होंने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे।आपको बता दें केजरीवाल दूसरी बार उत्तराखंड दौरे पर आए हैं, अपने पहले उत्तराखंड दौरे में भी उन्होंने 300 यूनिट फ्री बिजली की गारंटी दी थी.. .
उधर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने सीएम पद सम्बन्धी घोषणा को लेकर कहा कि, ‘कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आये थे। उन्होंने कहा था कि इस पर हम जनता की राय जानेंगे। हमनें प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। और बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि हमें कर्नल अजय कोठियाल ही चाहिए। यह निर्णय आप पार्टी ने नहीं बल्कि यहां की जनता ने लिया है।’ इस दौरान उन्होंने कोठियाल की उपलब्धियों के बारे में भी बात की। केजरीवाल ने कोठियाल को भोले का फौजी भी बताया और कहा कि उन्होंने आपदा के बाद केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों को बखूबी अंजाम दिया।
वहीँ, उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने पर केजरीवाल ने कहा की हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं, यहाँ बहुत से तीर्थ स्थान भी हैं, और दुनिया भर से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं। इसलिए अगर उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बना दिया जाये तो उससे उत्तराखंडवासियो को लाभ मिलेगा।
साथ ही आपको बता दें, 2022 के चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में काफी सक्रिय है। पार्टी पहले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। अब संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए पार्टी काम कर रही है। वहीँ प्रदेश में आप की बढ़ती सक्रियता ने बीजेपी और कांग्रेस की बेचैनी बढ़ा दी है.. और अब इन घोषणाओं के बाद सियासी हलचल मचना तय है..
केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में की 2 बड़ी घोषणाएं
1- उत्तराखंड से कर्नल अजय कोठियाल होंगे सीएम का चेहरा
2- उत्तराखंड को सभी हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे