Monday, April 29, 2024
फिल्म एंड टीवी इंडस्ट्री

‘जायका इंडिया का’ के होस्ट विनोद दुआ की हालत गंभीर, बेटी मल्लिका दुआ ने दी जानकारी

जाने माने पत्रकार विनोद दुआ की हालत बेहद नाजुक और गंभीर बनी हुई है। यह जानकारी उनकी बेटी, मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम के जरिये दी है. मल्लिका लगातार अपने पिता की हेल्थ अपडेट सोशल मीडिया के ज़रिये लोगो तक पहुंचा रही है। अभिनेत्री और कामेड‍ियन मल्लिका दुआ ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘…. उन्हें कल रात को अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया जहां उनकी बेहतर देखभाल हो सकेगी। उनकी हालात नाजुक बनी हुई है। वह आजीवन एक योद्धा रहे हैं। अडिग और अथक।’

मल्लिका ने आगे कहा की चिकित्सक सुबह दौरे पर आएंगे और उनसे बात करने के बाद वह पिता की सेहत के बारे में नयी जानकारी देती रहेंगी। मल्लिका ने सोमवार को बताया था कि उनके पिता विनोद दुआ इस समय सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं और उनकी हालत ”अत्यंत गंभीर” है। विनोद दुआ को इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें की हाल ही में दुआ की पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था। वह रेडियोलॉजिस्ट थीं।

वहीँ, विनोद दुआ के स्वास्थय को लेकर अस्पताल ने मंगलवार को जानकारी दी क‍ि विनोद दुआ का वर्तमान में नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आइसीयू में भर्ती कराया गया है। उधर जैसे ही उनके बीमार होने की खबर फैली, उसके बाद उनके निधन की अफवाहें फैल गईं और कुछ लोगों ने शोक संदेश भी पोस्ट किए। उनकी बेटी ने लोगों से अफवाह न फैलाने का अनुरोध किया। कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी गुड़गांव के एक अस्पताल में भर्ती हुए थे। पत्रकार की हालत तभी से खराब है और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। विनोद दुआ की एक और बेटी बकुल दुआ हैं, जो मनोवैज्ञानिक हैं।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *