भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडलर पर कोर्ट ने लगाई रोक, फिल्म KGF के गानों को इस्तेमाल करने पर लगा कॉपी राइट का केस
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा जब से शुरू हुई है तब से सोशल मीडिया में काफी एक्टिव नजर आ रही है। कांग्रेस लगातार अपनी यात्रा और राहुल गाँधी का सफर को सोशल मीडिया में पोस्ट कर रहे हैँ। पोस्ट हो रही तस्वीरें और वीडियोज भी काफी तेजी से वायरल भी हो रहे हैं। लेकिन इसी बीच एक बुरी खबर कांग्रेस को मिली है। बेंगलुरु की सिविल कोर्ट ने कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का आदेश दिया है। कांग्रेस पर KGF-2 का गाना अपने वीडियो में गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल करने का आरोप है। अदालत ने ट्विटर को आदेश दिया है कि वो कांग्रेस की और से शेयर किए गए उन तीनों ट्वीट्स को हटा दे, जिसमें KGF-2 का गाना इस्तेमाल किया गया है। साथ ही कांग्रेस के दो ट्विटर एकाउंट्स को भी अगली सुनवाई तक ब्लॉक करने को कहा गया है। कोर्ट ने भी इस मामले में कॉपीराइट का उल्लंघन होने की बात मानी है। आपको बता दें कि MRT म्यूजिक कंपनी के मैनेजर एम.नवीन कुमार ने बेंगलुरु के यशवंतपुर थाने में कुछ दिन पहले केस दर्ज कराया था। उन्होंने ये केस कॉपीराइट एक्ट और आईटी एक्ट के तहत दर्ज करवाया। कुमार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी से, खुले तौर पर और गलत तरीके से अपने फायदे के लिए गाने का अवैध रूप से इस्तेमाल किया है। नवीन कुमार ने कॉपी राइट एक्ट के तहत कोंग्रेसियों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है।