मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-अल्मोड़ा- पिथौरागढ़ हेली सेवा का फ्लैग ऑफ किया। यह हेली सेवा देहरादून से हल्द्वानी, पंतनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ तक चली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हेली सेवा को शुरू करवाने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया का आभार जताया। बता दें कि इस हेली सेवा से डेढ़ घंटे में दून से अल्मोड़ा पहुंच जा सकता है। जबकि सड़क मार्ग से 12 से 13 घंटे का सफर तय करना पड़ता है।
लेकिन अब सफर आसान होने वाला है। इसके लिए हेली सेवा का प्रति यात्री 7700 रुपये किराया तय किया गया है। हेली सेवा का संचालन पवन हंस एविएशन कंपनी के द्वारा किया जाएगा। साथ ही यह सेवा सप्ताह में केवल एक दिन शुक्रवार को दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को राज्य में आवागमन के लिए हर प्रकार की सुविधा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा की राज्य में एयर कनेक्टिविटी को और विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने पवन हंस को इस सेवा को सप्ताह में तीन दिन करने एवं सीटों की संख्या बढ़ाने को कहा।