Sunday, April 28, 2024
खेल जगत

नहीं रहे भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान ‘बदरू दा’, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

भारतीय खेल जगत के लिये दुखी करने वाली खबर सामने आई है। भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान समर बदरू बनर्जी का निधन हो गया है। 30 जनवरी 1930 को जन्मे समर बनर्जी बदरू दा के नाम से मशहूर थे। 92 साल के समर बदरू लंबे समय से बीमार थे। 1956 ओलंपिक में भारतीय फुटबॉल टीम ने उनकी अगुवाई में चौथे नंबर तक का सफर तय किया था। ओलंपिक के इतिहास में यह भारतीय फुटबॉल टीम का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। बदरू दा को अलजाइमर और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। 27 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें बांगर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज तड़के दो बजकर 10 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। उन्हें साल 2000 में मोहग बागान रत्न से नवाजा गया था। आपको बता दें कि भारतीय फुटबॉल टीम ने अब तक तीन बार ओलंपिक में भाग लिया है। इनमें 1956 का प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा है। इस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक के मैच में बुल्गेरिया के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इसे भारत में फुटबॉल का स्वर्णिम दौर माना जाता है। इस प्रतियोगिता के पहले मैच में भारत को वॉकओवर मिला था, जबकि दूसरे मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराया था। इस टीम में पीके बनर्जी, नेविल डेसूजा और जे किट्टू कृष्णास्वामी जैसे खिलाड़ी थे। समर बदरू बनर्जी ने बतौर कोच मोहन बागान को कई ट्रॉफी जिताई। इसमें 1953 में क्लब का पहला डुरंड कप भी शामिल है। इसके अलावा 1955 में रोवर्स कप भी जिताया। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने दो बार संतोष ट्रॉफी जीती है। वहीं, 1962 में कोच रहते हुए अपनी टीम को चैंपियन बनाया। इसके अलावा वो भारतीय टीम के चयनकर्ता भी रहे। बदरू दा का जाना भारतीय फुटबॉल जगत के लिये बड़ी क्षति है, उनके निधन पर खेल जगत के तमाम हस्तियों ने गहरा दुख प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *