Monday, April 29, 2024
दिल्ली

दिल्ली में भीषण अग्निकांड, 27 की मौत, कई लापता, राहत एवं बचाव कार्य जारी

दिल्ली- मुंडका इलाके में आग ने भीषण तांडव मचाया है। यहां शुक्रवार शाम एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई। जबकि 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या 12 बताई गई है। हादसे में दमकल विभाग के दो कर्मियों की भी मौत हुई है। कई लोग अभी भी इमारत में फंसे हुए हैं। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पहुंचीं दमकल की 30 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। देर रात आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन अभी भी धुएं के गुबार और मलबे में लापता लोगों की तलाश जारी हैं। इमारत में कई कंपनियों का कार्यालय और फैक्टरी है। आग लगने के बाद इन कार्यालय में काम करने वाले काफी लोग इमारत में फंस गए। राहत बचाव में लगे दमकल कर्मियों ने रस्सी की मदद से आग की लपटों के बीच घिरी इमारत में फंसे करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभी भी इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग बुझने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल आग लगने के पुख्ता कारणों का पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के मालिकों हरीश गोयल और वरुण गोयल को हिरासत में ले लिया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने घटना पर शोक प्रकट करते हुये मृतकों के परिजनों को 2 लाख की आर्थिक मदद की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुये मृतकों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार के मुआवजे की घोषणा की है, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने इस हादसे पर शोक प्रकट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *