Friday, April 26, 2024
दिल्ली

दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तीन हत्या, 24 घंटे में हत्या के 3 मामले आये सामने

दिल्ली को अपराध की राजधानी यूं ही नहीं कहा जाता। आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि पुलिस के तमाम दावों के बावजूद राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बीते 24 घंटे में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हत्या के 3 मामले उजागर हुए हैं। मंगोलपुर में एक युवक की रविवार तड़के चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जितेंद्र (28) पेशे से ट्रक ड्राइवर था। शुरूआती जांच में पता चला कि भाई की रिसेप्शन पार्टी के दौरान जितेंद्र कुछ लड़कों के साथ शराब पी रहा था। उसने एक लड़के को खाने का सामान लेकर आने को कहा। मना करने पर उसने लड़के को थप्पड़ मार दिया, जिसका बदला लेने के लिए उक्त लड़के ने साथियों के साथ मिलकर घर आने के दौरान जितेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। पूलिस ने मामला दर्ज कर मंगोलपुर निवासी जतिन, मोहित और एक नाबालिक को पकड़ लिया। पुलिस फरार एक आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र को 6.15 बजे मंदिर के पास चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि परिवार वाले उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे जयपुर गोल्डन अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
शाहदरा जिले के फर्श बाजार इलाके में शनिवार देर रात मोबाइल देर रात मोबाइल लूट का विरोध करने पर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त अरूण उर्फ राहुल (30) के रूप में हुई है। वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश के लिए 3 टीमों का गठन कर दिया है। वहीं पुलिस लूटपाट के लिए हत्या की बात से इन्कार कर रही है। पुलिस के मुताबिक अरूण उर्फ राहुल परिवार के साथ सी-ब्लॉक, न्यू संजय अमर कालोनी, विष्वास नगर, शाहदरा में रहता था। वह गांधी नगर इलाके में साफ-सफाई का काम करता था। श्निवार देर रात करीब 11ः30 बजे खाना खाने के बाद राहुल किसी काम से घर के बाहर निकला था। राहुल के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया कि गली से बाहर निकलते ही मोहल्ले में रहने वाले करण नामक युवक ने उसे रोक लिया। आरोपी ने उससे फोन लूटने का प्रयास किया। विराध करने पर आरोपी ने राहुल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अलीपुर स्थित यमुना नदी के किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव मिला है। उसका हाथ-पैर रस्सी से बंधा था। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। रविवार सुबह अलीपुर थाना पुलिस को झंगोला ठोकर संख्या सात के पास यमुना किनारे एक युवक के शव पडे़ होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने बताया कि शव को कुत्ते नोच रहे थे। लोगों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला गया्। मृतक के दोनों हाथ-पैर बंधे हुए थे साथ ही मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव 2 दिन पुराना है। आशंका है कि शव हरियाणा की ओर से बह कर आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *