रोडवेज कर्मचारियों को परिवहन निगम अपने खर्च पर दस लाख तक का बीमा देगा। ऐसे ही 13 आश्वासनों के बाद सोमवार को परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने 31 जनवरी की रात से प्रस्तावित हड़ताल को एक माह के लिए टाल दिया है।
परिवहन निगम के कर्मचारी संगठनों ने इस बार संयुक्त मोर्चा बनाकर लड़ाई लड़ने का ऐलान किया था। इसके तहत 31 जनवरी की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया था। हड़ताल से निपटने के लिए परिवहन विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था भी बना ली थी। दो स्तर की वार्ता विफल होने के बाद सोमवार को निगम के एमडी रोहित मीणा की अध्यक्षता में दोबारा बैठक हुई। बैठक में मोर्चा की सभी 13 मांगों पर बिंदुवार आश्वासन मिला।