Wednesday, April 24, 2024
राष्ट्रीय

‘हनुमानजी की तरह करें राष्ट्र की सेवा,’ भाजपा के 44वें स्थापना दिवस पर 10 लाख कार्यकर्ताओं से बोले पीएम मोदी

देशभर में आज हनुमान जयंती मनाई जा रही है। इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमान जी का जिक्र करते हुए पार्टी के 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। हनुमान जन्मोत्सव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा उनसे प्रेरणा लेकर कार्य करती है।

बीजेपी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान की जयंती मना रहे हैं। हनुमान जी का जीवन आज भी हमें भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देता है। जब लक्ष्मण जी पर संकट आया, तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है।”

स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज हम सभी अपनी पार्टी का स्थापना दिवस मना रहे हैं। मां भारती की सेवा में समर्पित प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है, पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े पद पर रहकर पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुका कर प्रणाम करता हूं।

भारतीय जनता पार्टी का इतिहास डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में बने भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। 21 अक्टूबर 1951 में दिल्ली में जनसंघ की स्थापना की गई। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में हुई। महात्मा गांधी की हत्या के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगने के बाद देश के एक तबके को यह लगने लगा था कि राजनीति में कांग्रेस का विकल्प होना जरुरी है। संघ के लोगों को अपनी बात रखने के लिए भी एक मंच की जरुरत थी। 1970 के दशक में आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी को हराने के लिए  विपक्षी दलों ने  एकजुट होकर जनसंघ का विलय जनता पार्टी में किया। मोरारजी देसाई की अगुवाई में जनता पार्टी बनाई गई। जनता पार्टी की विफलता के बाद 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी का उदय हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *