हिंसा की चपेट में हल्द्वानी, 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, शहर में कर्फ्यू
नजूल भूमि से धार्मिक अतिक्रमण हटाने के दौरान हल्द्वानी में भयंकर हिंसा और आगजनी हुई है। जिसमें 6 लोगों के मरने और 100 से अधिक पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है। आगजनी और हिंसा का देखते हुये हल्द्वानी शहर में अनिश्चितकाल के लिये कर्फ्यू लगा दिया गया है। जबकि शहर में इंटरनेट सेवा को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाई पावर बैठक कर हालात को नियंत्रित करने के आदेश दिये हैं। जिसके बाद डीएम नैनीताल ने हिंसा करने वालों को गोली मारने के आदेश जारी कर दिये हैं।
दरअसल बीते दिन हल्द्वानी के वनभूलपुरा में नगर निगम की टीम नजूल भूमि पर बने मदरसे और मजार को हटाने मौके पर पहुंची थी। लेकिन इस दौरान विशेष समुदाय के लोग भड़क गये। उन्होंने अतिक्रमण हटा रही टीम और पुलिस कर्मियों पर पेट्रोल बम, बोतलें फैंकनी शुरू कर दीं और देखते ही देखते भयंकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। उपद्रवियों ने स्थानीय थाने को आग के हवाले कर दिया और आसपास खड़े पुलिस, और मीडियाकर्मियों के व्हीकल भी जला डाले। इस दौरान 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गये। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को वहां से भागना पड़ा। स्थिति को बेकाबू होते देख डिस्ट्रिक मजिस्ट्रेट ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही शहर में अनिश्चितकाल के लिये कर्फ्यू लगा दिया गया है। शहर के सभी स्कूल बंद कर दिये गये हैं। फिलहाल हल्द्ववानी में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।