Saturday, April 20, 2024
उत्तराखंडदेहरादूनराजनीतिराज्य

कांग्रेस महिला मोर्चे की अध्यक्षा सरिता आर्य भाजपा में शामिल

देहरादून- चुनावी बेला में दलबदलू नेताओं की आवत जावत जारी है। इधर धामी सरकार और भाजपा ने कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को चलता किया और उधर आज ही नैनीताल से विधायक रहीं कांग्रेस महिला मोर्चे की अध्यक्षा सरिता आर्य कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गईं हैं। सरिता आर्य की नाराजगी उस दिन से बनी हुई थी जब से निवर्तमान कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अपने पुत्र नैनीताल से विधायक संजीव आर्य के साथ कांग्रेस में घर वापसी हुई थी। सरिता आर्य इस बार कांग्रेस के टिकट से नैनीताल में प्रबल दावेदार थीं लेकिन संजीव आर्य के आने से उनका टिकट कट चुका था। बीते दिन भी सरिता आर्य ने कांग्रेस भवन में खड़े होकर कहा था कि अगर भाजपा उन्हें टिकट देगी तो वो बीजेपी में शामिल हो जाएंगी। इस बयान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रभारी देवेन्द्र यादव और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत को असहज कर दिया था। अब जबकि सरिता आर्य ने भाजपा का दामन थाम लिया है तो कांग्रेस ने सरिता आर्य के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाई करते हुये उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *