कांग्रेस का गांव-गांव प्रवास कार्यक्रम जारी, कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने किया रात्रि प्रवास
2022 विधानसभा चुनावों के लिये कांग्रेस का गांवों में भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम जारी है। इस कार्यक्रम को गांव-गांव कांग्रेस नाम दिया गया है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस के मौके पर कांग्रेस के तमाम नेताओं ने गांवों में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान कांग्रेस के कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने भी गांव में रात्रि प्रवास किया। आर्येन्द्र शर्मा सहसपुर विधानसभा के अंतर्गत पौधा ग्राम सभा पहुंचे। यहां उन्होंने रात्रि में सभा का आयोजन कर ग्राम वासियों को संबोधित किया। इस दौरान आर्येन्द्र शर्मा ने कहा कि आज जनता बेरोजगारी, महंगाई से परेशान है और उसे कांग्रेस से ही उम्मीद है। उन्होंने कहा भारत का निर्माण गांव से होता है और कांग्रेस की आत्मा गांवों में ही बसती है।
इससे पहले सभा में मौजूद तमाम ग्रामीणों ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू द्वारा संसद में दिये गये प्रथम भाषण को सुना।