दुनिया में बढ़ती कोरोना महामारी के चलते भारत के अलग अलग राज्यों में सरकार द्वारा बैठक की जा रही है। इसी क्रम में आज गुरूवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वास्थ्य विभाग के साथ कोरोना को लेकर बैठक की। इस दौरान सीएम ने कहा कि कोविड पर पहले सी ही नियंत्रण के लिए राज्य में बूस्टर डोज अभियान चलाया जाए। शुक्रवार से ही बूस्टर डोज लगाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। सभी जनपदों में कंट्रोल रूम सक्रिय किए जाने के लिए कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के जो भी नये मामले आएंगे, उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग भी कराई जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बूस्टर डोज लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए है। इसका प्रचार प्रसार भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड बूस्टर डोज की जितनी आवश्यकता है, शीघ्र केंद्र सरकार को डिमांड भेजी जाए। जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में कोविड की प्रथम और द्वितीय डोज लगभग शत प्रतिशत लोगों को लग चुकी है। इसलिए बूस्टर डोज के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।