विदेश जाने वालों के लिए अच्छी खबर सामने आयी है। जल्द ही देहरादून में विदेश मंत्रालय का क्षेत्रीय दफ्तर खुलेगा। उत्तराखंड के लोगों को विदेश यात्रा के संबंध में मार्गदर्शन और जानकारियां जुटाने के लिए पहले चंडीगढ़ या दिल्ली के चक्कर काटने पड़ते थे, जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में मंत्रालय की दफ्तर खोलने का अनुरोध किया था। सीएम धामी के अनुरोध पर मंत्रालय ने अपनी सहमति दे दी है। सरकार के गृह विभाग के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। शासन से देहरादून के जिलाधिकारी को इस संबंध में एक पत्र लिखकर कार्यालय के शीघ्र कोई भवन तलाशने को कहा है। जितनी जल्द भवन की व्यवस्था होगी, कार्यालय के उतनी ही जल्दी खुल जाने की संभावना है। देहरादून में दफ्तर खुलने से उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए विदेश जाने वाले नागरिकों को बड़ी सहायता मिल सकती है। बता दें कि विदेश मंत्रालय के दफ्तर देश के 10 शहरों में संचालित हो रहे हैं। उत्तराखंड के लोगों को विदेश यात्रा के संबंध में जानकारियां जुटाने के लिए चंडीगढ़ या दिल्ली के चक्कर काटने पड़ रहे हैं लेकिन अब इससे जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है।