Friday, April 26, 2024
आर्थिक जगतउत्तराखंडकेन्द्रीय बजट

बजट 2022-आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट में उत्तराखण्ड के लिये अच्छे संकेत, सेवा और औद्योगिक क्षेत्र में हुआ सुधार

देहरादून- कोविड-19 महामारी की कठिन चुनौती के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत हैं। सोमवार को संसद में पेश की गई केंद्र सरकार की 2021-22 की आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट में सेवा क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र की विकास दर में वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। इन दोनों क्षेत्रों के सकारात्मक रुझान उत्तराखंड राज्य के लिए अच्छे संकेत माने जा रहे हैं। 2019-20 में उत्तराखंड की सकल विकास दर 4.20 प्रतिशत रही है। आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट में कोविड-19 महामारी की पहली व दूसरी लहर की चुनौतियों के बीच सकल विकास दर में सतत सुधार का अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट में देश की जीडीपी में आठ से साढ़े आठ फीसदी तक सुधार की संभावना जताई गई है।

आर्थिक मामलों के जानकारों के मुताबिक, उत्तराखंड की सकल विकास दर 2019-20 में 4.20 प्रतिशत तक रही, लेकिन कोरोनाकाल में इसमें भारी गिरावट दर्ज हुई। कोरोना की दूसरी और अब तीसरी लहर में राज्य की अर्थव्यवस्था को पहली लहर जितना नुकसान नहीं हुआ। राज्य में उद्योग और पर्यटन उद्योग की गति का ठहराव खत्म हुआ और ये दोनों सेक्टर सुधार की ओर हैं। आर्थिक समीक्षा में सेवा और औद्योगिक क्षेत्र में सुधार के संकेत इसकी तस्दीक कर रहे हैं। रिपोर्ट बता रही है कि सेवा क्षेत्र में 8.2 प्रतिशत और औद्योगिक क्षेत्र में 11.2 प्रतिशत तक सुधार का अनुमान है। यह उत्तराखंड के लिए अच्छा संकेत है। राज्य के लिए इन दोनों क्षेत्रों की खास अहमियत है। राज्य सरकार भी इन दोनों क्षेत्रों पर फोकस कर रही है। राज्य में पिछले पांच साल के दौरान राज्य सरकार करीब 30 हजार करोड़ का औद्योगिक निवेश लाने में कामयाब रही। कोरोनाकाल से पहले कई नामी उद्यमी राज्य में निवेश की तैयारी कर रहे थे। कोविड -19 महामारी के बाद उनके पांव ठिठक गए। इसी तरह राज्य की आर्थिकी का एक प्रमुख आधार सेवा क्षेत्र जिसमें पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को कोरोनाकाल में बहुत नुकसान हुआ है, जिसमें भी अब आत्मविश्वास जागा है। आर्थिक समीक्षा के सुधार के अनुमान बता रहे हैं कि आने वाले समय में सेवा और औद्योगिक क्षेत्र के मामले में उत्तराखंड के कदम और ज्यादा मजबूती के साथ बढ़ेंगे। सेवा और औद्योगिक क्षेत्र राज्य के लिए अहम है। राज्य सरकार के ये प्राथमिक सेक्टर है और इन दोनों क्षेत्रों में सतत सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड की पहली लहर के बाद राज्य में होटल और पर्यटन इंडस्ट्री संभली है और उद्योग भी खुले रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *