Saturday, April 27, 2024
उत्तराखंड

पेपर स्कैम के बाद अब तक 6 भर्तियां हो चुकी हैं रद्द, अभी और तीन भर्तियों पर लटक रही है तलवार

जेई भर्ती परीक्षा के बाद अब उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड सहायक अभियंता(एई) भर्ती की परीक्षा भी रद्द कर दी है। इस परीक्षा में हरिद्वार पुलिस ने नौ नकलचियों की पुष्टि की है। इसके बाद आयोग ने मंगलवार को परीक्षा रद्द कर दी। इसके साथ ही पेपर स्कैम के बाद अब तक उत्तराखंड में 6 भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया जा चुका है। लेकिन 6 भर्तियों के रद्द होने के बावजूद अभी भर्ती घोटाले का पिटारा बंद नहीं हुआ है। अभी भी ऐसी तीन भर्तियां हैं जिन पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। वैसे गड़बड़ी के आरोप तो कई और भर्तियों पर भी लगे हैं मगर तीन भर्तियों के रद्द होने का सबसे ज्यादा खतरा है। चलिये अब आपको बताते हैं कि आखिर वो कौन सी तीन भर्तियां हैं जो आने वाले समय में रद्द की जा सकती हैं-
पहली भर्ती जिस पर सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है वो है उत्तराखंड बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन रूड़की की गु्रप डी की भर्ती। जिस पर कोर्ट के आदेश के बाद अब जांच शुरू हो रही है, अगर कहीं कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो पूरी आशंका है कि ये भर्ती रद्द कर दी जाएगी। इसके बाद है पुलिस दरोगा भर्ती 2015-16, जिस पर कई गंभीर आरोप हैं, कई नकलची दरोगा विजिलेंस की राडर पर पहले ही आ चुके हैं। दरोगा भर्ती भी सवालों के घेरे में है। इसके अलावा लोक सेवा आयोग की सचिवालय एपीएस परीक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। कहा ये जा रहा है कि इन भर्तियों में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी इन पर रद्द होने का खतरा भी बढ़ता चला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *