Tuesday, April 30, 2024
खेल जगत

सानिया मिर्जा ने संन्यास की घोषणा की, दुबई चैंपियनशिप होगा आखिरी टूर्नामेंट

20 सालों तक महिलाओं की रोल मॉडल रही भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा का करियर अब समाप्त हो गया है। भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने संन्यास की घोषणा कर दी है। ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचीं सानिया ने कहा है कि इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और दुबई टेनिस चैंपियनशिप के बाद वो टेनिस को अलविदा कह देंगी। यानी अगले कुछ महीनों में वो आखिरी बार कोर्ट पर दिखेंगी। सानिया मिर्जा ने कहा है कि अगले महीने दुबई टेनिस चैंपियनशिप के बाद 36 साल की उम्र में अपने करियर को अलविदा कह देंगी। चोट के कारण उनकी 2022 की रिटायरमेंट योजनाओं में देरी हुई थी। यूएस ओपन में चोट की वजह से नहीं खेलने के बाद सानिया ने इसकी घोषणा की थी। भारतीय महिला टेनिस स्टार ने अपने करियर में अब तक 6 बार युगल ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं और साथ ही वो डबल्स में नंबर-1 रैंकिंग भी हासिल कर चुकी हैं। महिला सिंगल्स में 27 उनकी बेस्ट रैंकिंग रही है। उन्होंने ये रैंकिंग 2005 में यूएस ओपन के चौथे राउंड में पहुंचने के बाद हासिल की थी। सानिया ने पहली बार 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिक्स्ड डबल्स में कामयाबी हासिल की थी। सानिया को टेनिस में उनके अहम योगदान के लिए समय समय पर भारत सरकार से कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इनमें 2004 में अर्जुन अवॉर्ड, 2006 में पद्म श्री अवॉर्ड, 2015 राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड और 2016 में पद्म भूषण अवॉर्ड शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *