Tuesday, April 30, 2024
उत्तराखंड

उत्तराखण्ड पुलिस में एएसआई के नये पद होंगे सृजित, पुलिस कांस्टेबलों को मिलेगा एक स्टार

उत्तराखण्ड पुलिस सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब उत्तराखण्ड पुलिस ने एडिशनल सब इंस्पेक्टर के नये पद बनाये जाएंगे। ग्रेड पे को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग के तहत सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ये निर्णय लिया है। सरकार ने पुलिस जवानों के ग्रेड पे का विवाद खत्म करने के लिए बीच का रास्ता निकाल लिया है। पुलिस कांस्टेबलों को एक स्टार के साथ 4200 ग्रेड पे का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने नई रैंक एडिशनल सब इंस्पेक्टर (एएसआई) के 1750 पद सृजित करने के आदेश जारी किए हैं।
पुलिस विभाग में कांस्टेबलों के 17500 पद और हेड कांस्टेबल के 3440 पद हैं, जबकि एडिशनल सब इंस्पेक्टर का एक भी पद नहीं है। पुलिस जवानों को समय से प्रोन्नत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हेड कांस्टेबल रैंक के 1750 नए पद सृजित करने और एएसआई की नई रैंक सृजित कर 1750 नए पद स्वीकृत करने के आदेश जारी किए गए हैं। इससे कुल 3500 नए लोगों को पुलिस में नौकरियां मिलेंगी। सबसे खास बात ये है कि नए पुलिस कर्मियों का वेतन 4200 के ग्रेड पे पर आधारित होगा। आपको बता दें कि उत्तराखंड में लंबे वक्त से पुलिसकर्मी ग्रेड पे बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिसका अब समाधान हो गया है। इस फैसले के बाद पुलिस जवानों का प्रमोशन भी सही वक्त पर हो पायेगा।
आपको बता दें कि पुलिस ग्रेड पे को लेकर लंबे समय से मांग चली आ रही है। ये मांग पुलिसकर्मी सीधे तौर पर तो नहीं उठा रहे थे लेकिन उनके परिजनों ने ग्रेड पे की मांग को लेकर सड़कों पर भी आंदोलन किया था। ग्रेड पे की मांग कर रहे परिजनों के चलते तो कुछ पुलिसकर्मी सस्पेंड तक कर दिये गये थे। मगर अब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बीच का रास्ता अपनाकर पुलिस परिवारों को बड़ी राहत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *