Sunday, April 28, 2024
राष्ट्रीय

आप ने पंजाब जीत लया… उत्तराखण्ड में नि बणी बात

विवेक रावत, देहरादून

पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की लेकिन उत्तराखंड में पार्टी का खाता भी नहीं खुला है। राज्य में पार्टी की दुर्गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल की जमानत तक जब्त हो गयी। वैकल्पिक राजनीति का दम भरने वाली आप ने इस बार उत्तराखंड में दाव आजमाया लेकिन पहाड़ी राज्य में अपना खाता खोलने में नाकाम रही। गंगोत्री के चुनावी रण में उतरे कर्नल कोठियाल तीसरे नंबर पर रहे। उत्तराखंड की गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कर्नल अजय सिंह कोठियाल सिर्फ 10 फीसदी वोट ही हासिल कर सके उन्हें केवल 5998 वोट मिले हैं। पार्टी ने उत्तराखंड के चुनावी मैदान में पूरे धूम-धड़ाके के साथ एंट्री की थी और चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंकी थी। पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के तमाम प्रमुख नेताओं ने राज्य के कई दौरे किए। राज्य के लोगों के सामने दिल्ली का मॉडल रखा गया। आप ने तमाम तरह की बुनियादी सुविधाओं को मुफ्त देने का वादा भी किया। पार्टी ने अपने वचन पत्र में उत्तराखंड नवनिर्माण के लिए 10 गारंटी और 119 वादे किए। लेकिन फिर भी पार्टी का जादू नहीं चल पाया। आपको बता दें उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का मतदान प्रतिशत 3.31 रहा, जिसमें आम आदमी पार्टी को कुल 178134 वोट मिले। लेकिन इसके विपरीत पंजाब में पार्टी को प्रचंड रूप से बहुमत मिला। पंजाब में आम आदमी पार्टी को 42.01 फीसदी वोट शेयर मिला। जिसमें पार्टी को 6538783 वोट मिले, अगर इन आकड़ों की 2017 के नतीजों से तुलना करें तो तब आप को 23.70 प्रतिशत वोट मिला। तब आप को 20 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। उस वक्त आप को कुल 3662665 वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *